khabar abhi tak

इंदौर में भीषण आग, एक ही परिवार के 8 सदस्यों की दर्दनाक मौत, कई गंभीर, ईवी चार्जिंग के दौरान हादसा

इंदौर. एमपी के इंदौर में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां के राजबाड़ा इलाके के पास बुधवार 18 मार्च की सुबह करीब 4 बजे भीषण आग लगी। हादसे में 8 लोगों की मौत की खबर है। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। आग से कई लोग बुरी तरह झुलसे हैं जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

बताया जाता है कि एक ईवी कार में चार्जिंग के दौरान आग लग गई थी जिसकी लपटें घर तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकलें मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरु किया। प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट भी मौके पर पहुंचे हैं। दोनों नेताओं ने स्थितियों का जायजा लिया।

कार में लगी आग की लपटें घर तक जा पहुंची

इंदौर के ब्रजेश्वरी में घर में भीषण आग लगी जिससे परिवार के 8 सदस्यों की मौत हो गई। कार में लगी आग की लपटें घर तक जा पहुंची जिससे मनोज पुगलिया सहित 8 लोग जिंदा जल गए। इंदौर के ऐतिहासिक राजबाड़ा इलाके के पास यह हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार कार में चार्जिंग के दौरान आग लगी। यह घर तक फैल गई। मकान में कई गैस सिलेंडर रखे थे। आग लगने से इनमें ब्लास्ट हो गया। एक के बाद एक कई ब्लास्ट हुए। इससे मकान में मौजूद 8 लोग जिंदा जल गए।

सभी लोग सो रहे थे कि अचानक आग भड़की

मंगलवार रात तिलक नगर थाना क्षेत्र के छोटा राजबाड़ा इलाके में यह हादसा हुआ। घर में भीषण आग लग गई, जिसमें परिवार फंस गया। देर रात आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंची। आग पर बमुश्किल काबू पाया गया। इस बीच वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बंगाली चौराहे के पास ब्रजेश्वरी कॉलोनी में रहनेवाले पुगलिया परिवार के साथ यह हादसा हुआ। उनके यहां एक कार्यक्रम था जिससे कुछ करीबी रिश्तेदार भी घर पर ही रुके थे। सभी लोग सो रहे थे कि अचानक आग भड़क उठी। इससे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

गैस सिलेंडर भी फटे

शुरुआती जांच के अनुसार, घर के बाहर खड़ी एक ईवी कार चार्जिंग पर लगी थी। चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हो गया जिससे कार में आग लग गई और तेजी से फैलते हुए घर में रखे गैस सिलेंडरों तक पहुंच गई। आग के कारण गैस से भरे सिलेंडर फटने लगे। यहां करीब 15 सिलेंडर रखे थे जिनमें से 4 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट हुआ। इससे घर का एक हिस्सा भी जमींदोज हो गया। हादसे में विजय सेठिया, छोटू सेठिया, सुमन, मनोज, सिमरन, राशि सेठिया, तनय और टीनू की मौत हुई है। सौरभ पुगलिया, आशीष और हर्षित पुगलिया घायल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak