जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के गढ़ा उप संभाग में कार्यरत एक आउटसोर्स लाइन कर्मी की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जबलपुर सिटी सर्किल के शहर संभाग दक्षिण के अंतर्गत पदस्थ आउटसोर्स लाइन कर्मी सुरेंद्र रजक सुबह 9 बजे अपने कार्य पर उपस्थित हुआ था। कार्यस्थल पर पहुंचते ही उसके सीने में अचानक अत्यधिक दर्द शुरू हुआ और वह मूर्छित होकर जमीन पर गिर गया। वहां उपस्थित अन्य सहयोगियों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
प्रबंधन से इलाज हेतु सहायता राशि की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद कर्मचारी संघ ने पीड़ित कर्मी के बेहतर उपचार के लिए प्रबंधन से आर्थिक सहयोग की अपील की है। संघ के पदाधिकारी मोहन दुबे, दशरथ शर्मा, केएन लोखंडे, शशि उपाध्याय, महेश पटेल, मदन पटेल और पीएन मिश्रा ने पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन से पुरजोर मांग की है कि आउटसोर्स कर्मी सुरेंद्र रजक के इलाज के लिए विभाग की ओर से तत्काल सहायता राशि प्रदान की जाए। संघ के सदस्यों ने कर्मचारी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए प्रबंधन से इस दिशा में मानवीय आधार पर त्वरित निर्णय लेने का आग्रह किया है।
