रेल मंत्री को टैग करते ही हरकत में आए अधिकारी, दूषित रेल नीर की बिक्री पर कार्रवाई,रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप
जबलपुर। जबलपुर स्टेशन पर रेल नीर की सीलबंद बोतल में कचरा मिलने का मामला सामने आया है। ग्वालियर के रहने वाले एक यात्री पवन शर्मा ने इस अव्यवस्था की शिकायत सोशल मीडिया के जरिए रेल मंत्रालय से की। इसके बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्यवाही शुरू की गई। पवन शर्मा जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस पकड़ने के लिए प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने एक सांची स्टाल से रेल नीर की दो बोतलें खरीदीं। यात्रा शुरू होने के बाद जब उन्होंने बोतल देखी तो उसके भीतर कागज या टिश्यू जैसा कचरा नजर आया। उन्होंने दूसरी बोतल जांची तो उसमें भी वैसी ही गंदगी मिली। यात्री ने तुरंत इस मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया और रेल मंत्री को भी इसकी जानकारी दी।
स्टाल पर छापेमारी और पानी की जांच
शिकायत का संज्ञान लेते हुए रेलवे अधिकारियों की टीम ने तुरंत प्लेटफार्म छह स्थित उस स्टाल पर छापा मारा। वहां मौजूद रेल नीर का पूरा स्टॉक जांचा गया और लगभग अस्सी बोतलों को जब्त कर लिया गया। प्रशासन ने यात्री को उनके पैसे वापस कर दिए हैं और पानी की गुणवत्ता की बारीकी से जांच करवाई जा रही है। गौरतलब है कि स्टेशन के सभी स्टालों पर पानी की सप्लाई का जिम्मा आईआरसीटीसी के पास होता है।
