जबलपुर। जिले में घरेलू रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर स्थिति स्पष्ट की गई है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने आज वीडियो जारी कर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस की किल्लत को लेकर फैलाई जा रही किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। वर्तमान में जिले के पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को सूचित किया गया है कि वे गैस बुकिंग के लिए निर्धारित 25 दिन की समय सीमा का पूर्णतः पालन करें। नियम के अनुसार एक सिलेंडर लेने के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बीत जाने के बाद ही संभव होगी।
नियमों के तहत बुकिंग करें,भ्रम में न आएं
कलेक्टर के अनुसार यदि उपभोक्ता अनावश्यक रूप से बार-बार बुकिंग का प्रयास करते हैं तो इससे सर्वर पर अतिरिक्त भार बढ़ता है। सर्वर लोड बढ़ने के कारण उन उपभोक्ताओं को बुकिंग में कठिनाई आती है जिन्हें वास्तव में गैस की तत्काल आवश्यकता होती है। किसी भी वेंडर, हॉकर या अन्य माध्यम से मिलने वाली भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। पैनिक बुकिंग करने से व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न होता है, इसलिए अपनी जरूरत के हिसाब से ही नियमों के तहत बुकिंग करें।
गैस वितरण केंद्रों की प्रशासनिक निगरानी तेज
गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन निरंतर समीक्षा कर रहा है। सभी प्रमुख गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। ये अधिकारी अपनी उपस्थिति में गैस का न्यायसंगत और सुचारू वितरण सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि जिले में आपूर्ति की कोई कमी नहीं है और वितरण प्रक्रिया पर पैनी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने जनता से इस व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग की अपेक्षा की है।
