बरेला पुलिस के अनुसार बरेला निवासी युवक ने पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी महिला से शादी कर ली। बीती रात 11 बजे के लगभग युवक शराब पीकर घर आया और पत्नी के साथ गाली गलौज करने लगा। शोर सुनकर 16 वर्षीय बेटा उठकर आया और पिता को गाली देने से मना किया। इस बात से गुस्साए पिता ने बेटे के साथ मारपीट करते हुए धक्का दे दिया। पिता द्वारा धक्का दिए जाने से गुस्साए नाबालिग बेटे ने चाकू निकालकर पिता पर दनादन वार किए, जिससे उनके सीने, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्होने युवक को खून से लथपथ देखा तो उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर देर रात घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से गांव में सनसनी फैल गई, देखते ही देखते गांव के लोग घर पहुंच गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर आरोपी नाबालिग बेटे को तलाश कर अभिरक्षा में ले लिया।