माढ़ोताल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध दर्ज किया मामला, जांच शुरू
जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने करोंदा फटाका बाजार के आगे कचरा प्लांट के समीप स्थित एक घर को निशाना बनाकर करीब 5 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली है। वारदात के समय पीड़ित परिवार घर पर ताला लगाकर मंडला गया हुआ था। सूनेपन का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने घर में प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारी के ताले तोड़ दिए। चोरों ने पूरे घर के सामान को खंगाला और कीमती आभूषणों सहित नकद राशि समेटकर रफूचक्कर हो गए। जब परिवार के सदस्य मंडला से वापस जबलपुर लौटे तो उन्हें घर की स्थिति देखकर चोरी का पता चला। घर के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। पीड़ितों के अनुसार अलमारी में रखे 5500 रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से संदिग्धों के संबंध में पूछताछ की। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है।

