जबलपुर। मदन महल थाना पुलिस ने राइट टाउन स्थित एक क्लिनिक में हुई चोरी का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी, दोनों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की सघन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही धर्मेंद्र अहिरवार (31 वर्ष), निवासी राजीव गांधी नगर, लमती (थाना माढ़ोताल) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने राइट टाउन स्थित क्लिनिक में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी किया हुआ सामान दमोहनाका क्षेत्र के एक कबाड़ी को मात्र 1500 रुपये में बेच दिया था। धर्मेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने दबिश देकर चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी उमाशंकर अग्रवाल (60 वर्ष), निवासी दमोहनाका (थाना गोहलपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
कानूनी कार्रवाई और पुलिस टीम की भूमिका
पुलिस जांच में यह महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आया कि आरोपी धर्मेंद्र अहिरवार का थाना कोतवाली में पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। इस मामले में चोरी का सामान खरीदने के अपराध में धारा 317(2) बीएनएस का इजाफा किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज, बस स्टैंड चौकी प्रभारी जगन्नाथ यादव, सहायक उपनिरीक्षक शिव कुमार विश्वकर्मा, आरक्षक दीपक प्रयांश झरिया और आरक्षक लक्ष्मी नारायण गोलानी की अहम भूमिका रही।
