बालाघाट. एमपी के बालाघाट जिले के बैहर-मलाजखंड मार्ग पर एक अनियंत्रित कार सड़क से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इनमें 3 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।
घटना केवलारी चौराहे के पास शनिवार रात 11 से 12 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कार के अंदर फंसे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों की पहचान नगारची केलकर (65 वर्ष), सविता केलकर (28 वर्ष) और अभि केलकर (3 वर्ष) के रूप में हुई है।
8 साल की बच्ची सुरक्षित, 2 लोग गोंदिया रेफर
हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे राहगीरों ने साहस दिखाते हुए कार के कांच तोड़े और तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों में 8 साल की बच्ची पूर्वी राहांगडाले पूरी तरह सुरक्षित है। कार चालक सीतम केलकर (30) और उनकी मां नाना बाई केलकर (60) गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों को पड़ोसी जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) रेफर किया गया है।
अपने गांव से लौट रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, पोंडी (परसवाड़ा) निवासी सीतम केलकर मलाजखंड के पौनी में वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं। वे तीन दिन पहले पत्नी और बच्चे के साथ गांव आए थे। शनिवार रात वह अपने माता-पिता, पत्नी, बेटे और पड़ोसी की बच्ची के साथ वापस पौनी लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक तीन लोग दम तोड़ चुके थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बैहर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
