बताया गया है कि बांधा गांव निवासी कुंदन शर्मा अपनी पत्नी ज्योति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहते हैं। बीती देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, विवाद इतना बढ़ा कि ज्योति ने खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया। पहले दोनों बच्चों को वही खाना खिलाया गया। इसके बाद ज्योति शर्मा ने खुद भी खाया और बाद में कुंदन शर्मा ने भी वही भोजन कर लिया। कुछ देर बाद सभी की तबीयत बिगडऩे लगी। इस दौरान परिवार का छोटा बेटा अभिषेक शर्मा उम्र 3 साल किसी तरह घर से निकलकर पड़ोसियों के पास पहुंचा रोते हुए उसने घर में सभी के बीमार होने की बात कही। पड़ोसी तुरंत घर पहुंचे तो देखा कि कुंदन शर्मा, ज्योति शर्मा व बड़ा बेटा आकाश शर्मा 6 साल अचेत पड़े थे। ग्रामीणों की मदद से सभी को तुरंत इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान आकाश शर्मा की मौत हो गई। जबकि कुंदन शर्मा, ज्योति शर्मा व छोटा बेटा अभिषेक की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण यह कदम उठाया गया होगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।