khabar abhi tak

जबलपुर रेल मंडल में 33 महिला कर्मचारी सम्मानित, संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित

जबलपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जबलपुर के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में सोमवार 09 मार्च को महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में मंडल कार्मिक अधिकारी (स्वतंत्र प्रभार) श्री वरुण चतुर्वेदी द्वारा मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा का सेपलिंग भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डीआरएम ने मंडल की 33 नारीशक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया.

अपने उद्बोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा ने भारतीय रेल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, उनकी कर्त्तव्यपरायणता, कार्यकुशलता तथा समाज एवं संगठन के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और भारतीय रेलवे में भी उनकी भूमिका निरंतर सशक्त होती जा रही है।

इस अवसर पर मंडल कार्मिक अधिकारी श्री वरुण चतुर्वेदी तथा सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) श्री सचिपति नंदन ने भी उपस्थित महिला कर्मचारियों को संबोधित किया तथा उनके योगदान की सराहना की। संगोष्ठी में मंडल के विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों ने भी अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए जबलपुर मंडल के विभिन्न विभागों की 33 महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सीबीटी सेंटर में आईटी से संबंधित एक कार्यशाला तथा क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak