जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी-जबलपुर रेलखंड के देवरी-अधारताल के बीच ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त होने से अप लाइन पर यातायात पिछले 2 घंटों से बाधित हुआ है। इस दौरान लगभग 8 गाडिय़ों को पिछले स्टेशनों पर रोक दिया गया है.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि आज बुधवार 11 मार्च की दोपहर 12 बजे के लगभग एक ट्रेन कटनी की ओर से जबलपुर आ रही थी. इसी दौरान किलोमीटर 1003-3 पर ट्रेन के इंजिन से एक मवेशी टकरा गया, जो उछलकर ओएचई के खंभे पर जाकर लगा, जिस कारण सेंटीलीवर व ओएचई वायर क्षतिग्रस्त हो गया और विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई. घटना की जानकारी लगते ही जबलपुर से ओएचई लाइन दुरुस्त करने टीम मौके पर पहुंची और खबर लिखे जाने तक सुधार कार्य कर यातायात बहाल करने मेें जुटी हुई थी.
8 गाडिय़ां प्रभावित
बताया जाता है कि इस घटना से कटनी से जबलपुर (अप लाइन) से आने वाली लगभग 8 गाडिय़ां प्रभावित हुई हैं, जिन्हें पिछले स्टेशनों पर पिछले 2 घंटों से रोक कर रखा गया है। यातायात बहाल होने में अभी कुछ वक्त और लगने की संभावना व्यक्त की गई है.
इनका कहना-
- देवरी-अधारताल के बीच कैटल रन ओवर हुआ, जो उछलकर ओएचई पोल से टकराया, इस कारण ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हुई. रेल कर्मचारी सुधार कार्य में लगे हैं. लगभग 8 गाडिय़ां प्रभावित हुई हैं. शीघ्र ही रेल संचालन बहाल हो जायेगा.
- डा. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर रेल मंडल.
