जबलपुर। गोरखपुर थाना पुलिस ने एटीएम धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए काफी समय से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह आरोपी पिछले कई दिनों से पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था लेकिन आखिरकार गोरखपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत उसे दबोच लिया गया। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने अपराधी को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की एक विशेष संयुक्त टीम तैनात की गई थी। पुलिस जल्दी मामले का खुलासा करेगी।
पुलिस के चक्रव्यूह में फंसा एटीएम का मास्टरमाइंड
आरोपी का कार्य करने का तरीका बहुत ही योजनाबद्ध था जिसमें वह एटीएम बूथ पर मदद के बहाने लोगों के कार्ड बदल देता था। इसके बाद वह संबंधित व्यक्ति के खाते से पैसे निकालकर अपने स्वयं के खाते में ट्रांसफर कर लेता था। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों की निरंतर शिकायतें मिल रही थीं जिससे पुलिस अलर्ट मोड पर थी। टीम ने आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों और मजबूत मुखबिर तंत्र का सहारा लेकर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और उसे धर दबोचा। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी के बैंक खाते में अवैध रूप से ट्रांसफर की गई राशि अभी भी जमा है। पुलिस विभाग अब इस राशि को जब्त करने और आरोपी के अन्य साथियों के नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रहा है। गोरखपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय एटीएम गिरोहों के बीच हड़कंप मच गया है।
