नगर निगम की कार्रवाई के दौरान 22 परिवारों को उनके घरेलू सामान सहित तेवर में विस्थापित किया गया। यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के पालन में जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की जा रही है। पुरवा क्षेत्र के भैरो नगर बड़ा पत्थर इलाके में अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा किए गए सर्वे के दौरान इस क्षेत्र की करीब 21 हेक्टेयर भूमि पर कुल 714 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने से पहले यहां रहने वाले लोगों को तेवर और भड़पुरा में 15 गुणा 30 फीट के प्लॉट भी आवंटित किए हैं। इसके अलावा अस्थायी आशियाना बनाने के लिए उन्हें बल्ली, तिरपाल व रस्सी जैसी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है। मदन महल पहाड़ी पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Tags
jabalpur