दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह में ओजस्विनी स्कूल के बाहर 10वीं के एक छात्र पर चाकू से हमला किया गया। छात्र परीक्षा देकर बाहर निकल रहा था, तभी उसी कक्षा के एक अज्ञात छात्र ने उस पर हमला कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर की है। घायल छात्र को उसके साथी जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और आईसीयू में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली टीआई और सीएसपी अस्पताल पहुंचे।
घायल छात्र की पहचान ऋषि अहिरवार (14) निवासी इमलाई, के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल छात्र के साथियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। ऋषि शुक्रवार को ओजस्विनी स्कूल में अपनी 10वीं की परीक्षा देने गया था। यह स्कूल हीरदेपुर और इमलाई के छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र है। परीक्षा खत्म होने के बाद जब ऋषि घर लौट रहा था, तभी उस पर हमला हुआ। पुलिस हमलावर और हमले के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
सड़क पर घायल पड़ा मिला नाबालिग
कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें स्कूल के एक बच्चे को चाकू लगने की सूचना मिली थी, जिसकी हालत गंभीर है। जिला अस्पताल पहुंचने पर घायल के साथियों ने पुलिस को बताया कि परीक्षा खत्म होने के बाद जब वे बाहर निकले, तो उनका साथी सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला।
तीन दिन पहले क्लासमेट से हुआ था विवाद
साथियों ने यह भी बताया कि तीन दिन पहले कक्षा के ही एक छात्र से ऋषि का विवाद हुआ था और उसे चाकू मारने की धमकी दी गई थी। छात्र की हालत अभी भी गंभीर है। पुलिस ने कहा कि उसके बयान दर्ज होने के बाद आगे की जांच की जाएगी। सीएसपी एचआर पांडे ने बताया की छात्र का ब्लड काफी अधिक निकल गया है। उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। जैसे ही उसकी हालत सामान्य होती है बयानों के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अभी आरोपी छात्र के बारे में किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं है।
