T20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को नहीं होगा महामुकाबला, पाकिस्तान ने भारत से खेलने किया इंकार

नई दिल्ली. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को खेलने की हरी झंडी मिल गई है, लेकिन पाकिस्तान की सरकार ने भारत के साथ मैच खेलने से मना कर दिया है. भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला जाना है.

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए आधिकारिक मंजूरी मिल गई है, जो 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होना है. पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि सलमान अली आगा की अगुवाई वाली टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले बहुप्रतीक्षित ग्रुप ए मुकाबले में मैदान में नहीं उतरेगी.

रविवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक आधिकारिक पोस्ट में पाकिस्तान सरकार ने पुष्टि की कि सलमान आगा की कप्तानी में राष्ट्रीय टीम को आईसीसी के इस बड़े टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति दे दी गई है. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि मेन इन ग्रीन 15 फरवरी को डिफेंडिंग चैंपियन भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज मैच में नहीं खेलेगी, भले ही यह मुकाबला कोलंबो में तय है.

पाकिस्तान सरकार की एक्स पोस्ट में लिखा गया, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी वर्ल्ड टी20 2026 में भाग लेने की मंजूरी देती है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान में नहीं उतरेगी.

इसलिए खेलने से मना

भारत के खिलाफ पाकिस्तान की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में खेलने से मना कर दिया है. ये फैसला पाकिस्तान की सरकार ने लिया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में आकर ना खेलने और उनके मैच को बाहर शिफ्ट करने की मांग की थी.  सुरक्षा का हवाला देकर आईसीसी से बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी थी. आईसीसी ने उनकी मांग ठुकराई और टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल कर लिया. पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया था और टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की धमकी दी थी. आईसीसी ने इसको लेकर जब भाव नहीं दिया तो सरकार ने भारत के मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया. हालांकि इससे नुकसान उनकी अपनी टीम का है. भारत को दो अंक मिलेंगे, जबकि पाकिस्तान को घाटा होगा.

Post a Comment

Previous Post Next Post