जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध युवती वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा के पास अचानक हथियार लहराने लगी। युवती के हाथ में बका जैसा धारदार हथियार देखकर कैंपस में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस अप्रत्याशित घटना से विश्वविद्यालय परिसर में काफी देर तक डर और तनाव का माहौल बना रहा।
कुलपति और पुलिस के बयानों में विरोधाभास
इस पूरी घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्यवाही पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश कुमार वर्मा का दावा है कि युवती का व्यवहार असामान्य था और वह मानसिक रूप से बीमार लग रही थी। उनके अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आई और युवती को अपने साथ ले गई। हालांकि, सिविल लाइन थाना प्रभारी अनूप कुमार नामदेव ने इस बयान को खारिज करते हुए कहा कि जब तक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, युवती वहां से ओझल हो चुकी थी और पुलिस को वह नहीं मिली। फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि हथियार लहराने वाली युवती विश्वविद्यालय की ही छात्रा है या बाहर से आई थी। पुलिस और प्रशासन के अलग-अलग बयानों ने मामले को और उलझा दिया है। कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक युवती का हथियार लेकर प्रतिमा तक पहुँच जाना और फिर रहस्यमयी तरीके से गायब हो जाना, सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
