जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र स्थित छुईखदान इलाके में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुख्यात बदमाश शिब्बू खान ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरेआम फायरिंग कर दी। हत्या के एक पुराने मामले में जमानत पर बाहर आते ही शिब्बू खान ने एक बार फिर इलाके में अपनी धमक कायम करने के लिए गोलियां चलाकर दहशत फैला दी है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब पुलिस के हाथ लग चुका है।
हफ्ता वसूली के लिए खूनी खेल
जानकारी के मुताबिक, वारदात के पीछे की वजह हफ्ता वसूली बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शिब्बू खान ने इलाके में रंगदारी मांगते हुए हफ्ता देने का दबाव बनाया था। जब मांग पूरी नहीं हुई, तो उसने बेखौफ होकर कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की इस घटना से इलाके के व्यापारियों और रहवासियों में भारी डर का माहौल है। वारदात को अंजाम देने के बाद शिब्बू खान अपने साथियों सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस बल मौके पर तैनात,तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने शिब्बू खान और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान पुख्ता हो चुकी है और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे। इस घटना ने एक बार फिर जमानत पर रिहा होने वाले अपराधियों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पूरे गढ़ा क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
