मंदिर में आरती के दौरान शुरू हुआ विवाद
जबलपुर। सिहोरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक-5, आजाद चौक में गुरुवार रात उस समय तनाव फैल गया जब एक मंदिर में आरती के दौरान तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटना हुई। बताया जा रहा है कि मंदिर और मस्जिद के आमने-सामने होने के कारण लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। उपद्रवियों ने मंदिर की ग्रिल को नुकसान पहुँचाया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
CCTV फुटेज से पहचान के बाद गिरफ्तारियां
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस टीम ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर अब तक 20 से अधिक उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि घटना के दौरान भारी मात्रा में पत्थर कहाँ से जुटाए गए थे। उपद्रव में शामिल संदिग्ध वाहनों को भी जब्त किया गया है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जुमे की नमाज पर छावनी बना इलाका
आज शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। आजाद चौक और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दोपहर से पहले ही अतिरिक्त पुलिस बल और दंगा नियंत्रण दस्ते को तैनात कर दिया गया है। कलेक्टर और एसपी स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है।
