पुलिस अधिकारियों को शिकायत देते हुए परिजनों ने बताया कि पूजा की गढ़ा फाटक निवासी निखिल साहू से शादी हुई थी। शादी के बाद पूजा अपने पति व परिजनों के साथ उज्जैन महाकाल के दर्शन करने के लिए गई थी। जबलपुर लौटते वक्त तेंदूखेड़ा पाटन रोड पर पूजा की तबियत बिखड़ी और कुछ पल बाद ही उसकी मौत हो गई। पूजा की संदिग्ध हालात में मौत को लेकर मायके पक्ष आक्रोशित हो गया। उन्होने आज एसपी आफिस पहुंचकर नारेबाजी करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज कर डायरी अग्रिम विवेचना के लिए तेंदूखेड़ा थाना भेजद दी।
6 फरवरी को हुई थी शादी-
परिजनों ने अधिकारियों को बताया निखिल साहू 6 फरवरी को पूजा के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद परिजनों ने उज्जैन महाकाल के दर्शन करने का प्लान बनाया था। 15 फरवरी को पूजा अपने पति निखिल साहू व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ निकले थे। 20 फरवरी को वापस आते समय आचानक ही पूजा का स्वास्थ्य खराब हो गया। जिसके बाद निखिल ने उसका एक वीडियो बनाया और परिवार वालों को भेजते हुए बताया कि तबीयत बिगड़ गई है। इसके बाद सड़क मार्ग से जब वापस जबलपुर के लिए निकलते हैए तो रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पूजा की शादी में चार लाख रुपए दहेज दिया था लेकिन 10 लाख रुपए की मांग की गई थी। इसके बाद से ससुराल वाले लगातार रुपयों की मांग करते रहे। यहां तक कि पूजा के साथ मारपीट भी की गई थी।
मौत से ठीक पहले मोबाइल फोन से वीडियो भेजे-
परिजनों का यह भी आरोप है कि पूजा ने अपनी मौत से ठीक पहले कुछ वीडियो मोबाइल फोन के माध्यम से उन्हें भेजे थे। जिनमें उसने अपनी व्यथा और ससुराल वालों के बर्ताव का जिक्र किया था। इन वीडियो को अब पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे मौत की गुत्थी सुलझ सके।
साहू समाज में आक्रोश-
पूजा की मौत को लेकर साहू समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। आज बड़ी संख्या में समाज के लोग और मृतका के रिश्तेदार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या है, जिसे बीमारी का रूप देने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पीएम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाता है उसके खिलाफ विधि संवंत कार्यवाही होगी।