
सतना. एमपी के सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित रामटेकरी में आज 8 फरवरी सोमवार की सुबह करीब 9 बजे रेत से भरा एक अनियंत्रित हाईवा घर के बाहर पलट गया। इस हादसे में एक महिला सहित एक ही परिवार के तीन लोग बालू के ढेर में दबकर घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
बताया जाता है कि घटना वार्ड क्रमांक 17 की रामटेकरी नई बस्ती में हुई। छेदीलाल वर्मा, उनकी पत्नी मंगती बाई और बेटा विजय वर्मा जैसे ही अपने घर से बाहर निकल रहे थे, तभी रेत से लदा हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया। तीनों बालू के ढेर में दब गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने दौड़कर उन्हें बाहर निकाला और डायल-112 को सूचना दी।
छेदीलाल के पैर में गंभीर चोट
सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, छेदीलाल के पैर में गंभीर चोट आई है। गनीमत रही कि घटना के समय घर के बाहर ओटले पर कोई अन्य व्यक्ति नहीं बैठा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सीवर लाइन का गड्ढा धंसने से घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर सीवर लाइन के लिए खोदा गया गड्ढा धंसने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। सीवर लाइन के काम के बाद गड्ढे को भर दिया गया था, लेकिन ओवरलोड हाईवा के गुजरने से मिट्टी धंस गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।