जबलपुर: गोहलपुर थाने के पास कार नाले में गिरी,देखें वीडियो



हादसे के बाद वाहन छोड़कर चालक और उसका साथी मौके से हुए फरार

जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। थाने के समीप स्थित पुल के नीचे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि कार सीधे अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग के पास से नाले में समा गई। घटना के तुरंत बाद कार में सवार चालक और उसका साथी सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन वे पुलिस के आने से पहले ही वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से वाहन को निकालने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर वाहन मालिक और चालक की पहचान शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा लापरवाही के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी वजह थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post