बिजली नेटवर्क विस्तार के लिए हाथ मिलाएंगे ट्रांसको और हडको, जबलपुर में हुई अहम बैठक


शक्ति भवन में जुटे दिग्गज: प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा और नए सब-स्टेशनों के विस्तार पर बनी रणनीति

जबलपुर। जबलपुर स्थित शक्ति भवन में हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (हडको) की एक उच्च स्तरीय समिति ने मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मुख्यालय का दौरा किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार और आगामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहयोग की संभावनाओं को तलाशना था। हडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में आए दल ने ट्रांसको के शीर्ष अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा की। बैठक के दौरान हडको से मिली मौजूदा वित्तीय सहायता के उपयोग और उससे जुड़ी प्रगति की समीक्षा की गई। चर्चा के मुख्य केंद्रों में प्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत बनाना, नए सब-स्टेशनों का निर्माण और ट्रांसमिशन लाइनों का विस्तार शामिल रहा। इसके साथ ही, नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड के साथ बेहतर तरीके से जोड़ने और भविष्य में राज्य की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के लिए जरूरी संसाधनों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

​नेटवर्क विस्तार और वित्तीय सुदृढ़ीकरण की रणनीति

​प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने भविष्य की कार्ययोजनाओं को प्रस्तुत करते हुए कंपनी द्वारा अपनाए जा रहे टीबीसीबी मॉडल और ओपन एक्सेस व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग का लक्ष्य कम लागत में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं को जमीन पर उतारना है। वित्तीय पक्ष रखते हुए मुख्य वित्तीय अधिकारी मुकुल मेहरोत्रा ने वर्तमान आर्थिक स्थिति और आने वाले समय में होने वाली ऋण आवश्यकताओं का विवरण पेश किया। समिति के प्रमुख श्री कुलश्रेष्ठ ने एमपी ट्रांसको के तकनीकी और प्रबंधकीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि बिजली ट्रांसमिशन और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी परियोजनाओं के लिए हडको निरंतर वित्तीय सहयोग देता रहेगा। इस बैठक में दोनों संस्थानों के बीच तालमेल को और मजबूत करने पर सहमति बनी। इस उच्च स्तरीय दल में हडको की क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. तृप्ति मिश्रा दीक्षित और संयुक्त महाप्रबंधक आनंद सोनी भी शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post