khabar abhi tak

सिगरेट के धुएं ने सुलगाई विवाद की चिंगारी: पेट्रोल पंप कर्मियों पर चाकूबाजी और पथराव


घायल कर्मचारी

जबलपुर।
 शहर के गौर-सालीवाड़ा मुख्य मार्ग स्थित रिलायबल पेट्रोल पंप पर शनिवार शाम जमकर उत्पात मचा। पेट्रोल पंप पर सुरक्षा नियमों का पालन कराने की कोशिश करना कर्मचारियों के लिए भारी पड़ गया। बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पंप कर्मियों पर चाकू और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में घायल कर्मी मुकुंद यादव ने बताया कि कुछ युवक बाइक पर सिगरेट पीते हुए पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। सुरक्षा की दृष्टि से जब उन्हें सिगरेट फेंकने के लिए कहा गया, तो वे विवाद पर उतारू हो गए और हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। हमलावरों में से तीन युवक चाकू से लैस थे, जिन्होंने कर्मचारियों पर वार किए। जब पंप के अन्य स्टाफ ने उन्हें खदेड़ने की कोशिश की, तो आरोपियों ने बाहर से जमकर पत्थरबाजी की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गौर पुलिस चौकी का बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके फुटेज के आधार पर पुलिस अब हमलावरों की तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak