पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन लेकर चालक कैलाश साहू नारायणगंज जिला मंडला से जबलपुर के लिए रवाना हुआ। देर रात पिकअप वाहन जब कालपी फारेस्ट डिपो के सामने से गुजर रहा था। इस दौरान जबलपुर की ओर आए ट्राला ने टक्कर मार दी। ट्राला की टक्कर लगते ही पिकअप वाहन के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पिकअप चालक कैलाश साहू निवासी कालपी के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य तीन युवक योगेश पावले, संजय यादव व बलराम अहिरवार के शरीर पर गंभीर चोटें आई। दुर्घटना के बाद सभी लोग पिकअप में ही फंसे रहे। राह चलते लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर घायलों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों को सौंप दिया। वहीं पूछताछ के बाद ट्राला चालक की तलाश शुरु कर दी है।