एमपी : पुलिस कंट्रोल रूम में हेड कॉन्सटेबल ने जहर खाकर दी जान, आरआई पर लगाया था गंभीर आरोप

 
नीमच. मध्यप्रदेश के नीमच में एक कॉन्सटेबल ने कंट्रोल रूम पहुंच कर जहर खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। उसने सुसाइड नोट में आरआई पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना रविवार, 8 फरवरी की बताई गई है। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप है। आला पुलिस अफसरों ने मामले की हर एंगल से जांच कराने की बात कही है।

कंट्रोल पहुंचकर जहर खाया

जानकारी के अनुसार आरक्षक होशियार सिंह (50) नीमच पुलिस लाइन, कनावटी में रहते थे। पांच दिनों से स्वास्थ्यगत कारणों से अवकाश पर थे और सोमवार से उन्हें ड्यूटी पर लौटना था। इसके एक दिन पहले रविवार सुबह वह पुलिस लाइन पहुंचे और शाम को जिला पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर जहर खा लिया। हालत बिगडऩे की सूचना पर नीमच कैंट के थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

सुसाइड नोट लिखा, आरआई पर गंभीर आरोप

हेड कॉन्स्टेबल के पास से चार पेज का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह पत्र खुद होशियार सिंह ने लिखा था। सुसाइड नोट में उन्होंने अपने ही विभाग के एक आरआई पर गंभीर मानसिक प्रताडऩा के आरोप लगाए हैं। पत्र में लगातार दबाव, अपमान और मानसिक तनाव का जिक्र किया गया है।

एसपी नीमच ने दी ये जानकारी

नीमच एसपी अंकित जायसवाल ने बताया कि जहर खाने से हालत बिगडऩे पर प्रधान आरक्षक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका देहांत हो गया है। सुसाइड नोट और आरोपों की सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कराई जाएगी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post