भोपाल. एमपी में होली के दिनों में मावठा गिरने यानी, आंधी-बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग की माने तो 2 मार्च से हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। यह एमपी में भी असर दिखा सकता है . यानी होली के मौके पर बारिश प्रदेश के कुछ संभागों में अपना रंग दिखा सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में पश्चिमी हिस्से में दो साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम (चक्रवात) एक्टिव है। वहीं, एक ट्रफ की एक्टिविटी भी प्रदेश में देखने को मिल रही है। इस वजह से शुक्रवार को भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। हालांकि, इससे पारे में कोई फर्क नहीं पड़ा।
खरगोन सबसे गर्म
आंधी-बारिश और ओले का दौर थमने के बाद प्रदेश में अप्रैल जैसी गर्मी पड़ रही है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी कई शहरों में दिन का तापमान 34 डिग्री के पार रहा। वहीं, रात में यह 18 डिग्री से ज्यादा पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में ही पारा 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। बाकी शहरों में तापमान 30 डिग्री या इससे अधिक ही रहे। सबसे गर्म खरगोन में तापमान 34.8 डिग्री पहुंच गया। वहीं, 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 32.4 डिग्री, इंदौर में 31.2 डिग्री, ग्वालियर में 32.7 डिग्री, उज्जैन-जबलपुर में 33 डिग्री रहा।
रात के तापमान की बात करें तो पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। सागर में सबसे ज्यादा 18.4 डिग्री और नर्मदापुरम में 18.2 डिग्री रहा। श्योपुर, सिवनी, गुना, खंडवा-टीकमगढ़ में 16 डिग्री और रतलाम-धार में 17 डिग्री या इससे ज्यादा पहुंच गया।
