जबलपुर: बरगी जाने का कहकर निकला युवक लापता, घर में मचा कोहराम


जबलपुर।
जिले के चरगवां थाना अंतर्गत ग्राम कोटावारी से एक 25 वर्षीय युवक के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चला है, जिससे परिवार के सदस्य किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं और लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटावारी निवासी रोहित मेहरा (25 वर्ष) मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह बरगी स्थित एलएंडटी कंपनी जा रहा है। हालांकि, वह न तो कंपनी पहुंचा और न ही शाम तक घर वापस लौटा। जब देर रात तक रोहित का कोई संपर्क नहीं हुआ, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला और कार्यस्थल पर भी उसके न पहुंचने की पुष्टि हुई।

परिजनों ने की जनता और प्रशासन से मदद की अपील

​लापता युवक के परिवार ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दे दी है। एक सप्ताह का समय बीत जाने पर भी कोई ठोस सुराग हाथ न लगने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी रोहित मेहरा के बारे में कोई जानकारी मिले, तो कृपया तुरंत पुलिस या उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर सूचना दें। परिजनों ने प्रशासन से भी मामले में सक्रियता दिखाने और युवक को जल्द सुरक्षित ढूंढने की गुहार लगाई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post