इनपुट मिलते ही पकड़िया और जबलपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया
जबलपुर। मैहर जिले के पकड़िया गांव में सोमवार दोपहर हुई लाखों रुपये के जेवर की चोरी के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस वारदात को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह की अंतिम लोकेशन जबलपुर के ग्वारीघाट स्थित झंडा चौक क्षेत्र में मिली है। इनपुट मिलते ही पकड़िया और जबलपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस के लिए झंडा चौक वर्तमान में एक 'हॉटस्पॉट' बन गया है।
पानी भर रहा था संचालक, पीछे से साफ हुआ माल
वारदात की कहानी किसी फिल्मी पटकथा जैसी है। पकड़िया गांव में एक ज्वेलरी दुकान के संचालक सोमवार दोपहर को दुकान के बाहर लगे हैंडपंप से पानी भर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था ताकि पहचान न हो सके। जैसे ही संचालक का ध्यान भटका, एक आरोपी फुर्ती से दुकान के भीतर घुसा और काउंटर के पास रखा बैग उठाकर रफूचक्कर हो गया। बैग में करीब 350 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी रखी थी, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पूरी वारदात को महज कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।
रेकी के बाद रची गई साजिश,कैमरे खंगाले गए
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने चोरी से पहले कई दिनों तक दुकान और उसके संचालक की दिनचर्या की रेकी की थी। उन्हें इस बात की सटीक जानकारी थी कि किस समय दुकान पर ग्राहकों की भीड़ कम रहती है और संचालक कब पानी भरने या अन्य काम से बाहर निकलता है। फिलहाल ग्वारीघाट इलाके में पुलिस की पैनी नजर है। संदिग्धों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मुखबिर तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने जिस सुनियोजित तरीके से वारदात की है, उससे किसी पेशेवर गिरोह के शामिल होने की आशंका है, जिन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा।
