khabar abhi tak

वार्षिक स्नेह सम्मेलन में रचनात्मक ऊर्जा का उत्सव, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान


जबलपुर।
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी अग्रणी महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन के दूसरे दिन 25 फरवरी 2026 को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आचार्य डॉ. आभा पाण्डे, विशिष्ट अतिथि पार्षद श्याम कनौजिया, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. रमेश शुक्ला और प्रभारी प्राचार्य डॉ. शुभांगी धगट द्वारा मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत नन्हे पौधे और स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया।

​स्वर्ण पदक की घोषणा की गयी


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रमेश शुक्ला ने कहा कि स्नेह सम्मेलन जैसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होते हैं। विशिष्ट अतिथि श्री श्याम कनौजिया ने कहा कि यह उत्सव विद्यार्थियों की रचनात्मक ऊर्जा का प्रतीक है और सर्वश्रेष्ठ छात्र चयन की परंपरा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। मुख्य अतिथि डॉ. आभा पाण्डे ने विद्यार्थियों को हर गतिविधि में सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया और इसी मंच से अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को 'स्वर्ण पदक' प्रदान करने की महत्वपूर्ण घोषणा की। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. शुभांगी धगट ने स्नेह सम्मेलन को आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम बताया।

​सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी शाम 


सांस्कृतिक सत्र 'गीत गुंजन' का आगाज डॉ. देवेन्द्र कोष्टा और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने अपनी सुमधुर गीतों की प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. तृप्ति उकास ने किया और अंत में डॉ. रविश तमन्ना ताज़िर द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम की संयोजक डॉ. ज्योति जुनगरे के मार्गदर्शन में डॉ. राजीव मिश्रा, डॉ. विभा निगम सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak