khabar abhi tak

जबलपुर स्टेशन पर छूटा आईफोन और नकदी से भरा बैग, आरपीएफ ने यात्री को लौटाया


जबलपुर।
 जबलपुर रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल की तत्परता से एक यात्री का लाखों का सामान चोरी होने से बच गया। प्लेटफॉर्म पर छूटे इस बैग को आरपीएफ ने न केवल सुरक्षित बरामद किया, बल्कि उसके मालिक की तलाश कर उसे सही-सलामत सौंप भी दिया। स्टेशन पर गश्त के दौरान उप निरीक्षक राजकुमार चन्देल और आरक्षक पंकज सिंह को प्लेटफॉर्म क्रमांक 5 पर एक लावारिस लाल रंग का ट्रॉली बैग मिला। संदेह होने पर बैग को आरपीएफ पोस्ट लाया गया। गवाहों की मौजूदगी में जब बैग खोलकर देखा गया, तो उसमें एक आईफोन-11 (कीमत 65,000), चार महंगी घड़ियाँ (कीमत 60,000) और 56,000 रुपये नगद समेत कुल 1,81,000 रुपये का कीमती सामान बरामद हुआ। इसके अलावा बैग में कपड़े और यात्री का आधार कार्ड भी मौजूद था।

आधार के मोबाइल नम्बर से यात्री तक पहुंचे

​बैग में मिले आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के आधार पर उप निरीक्षक ने यात्री से संपर्क किया। बैग के मालिक मोहम्मद मुनव्वर (निवासी माधवगढ़, जिला सतना) तुरंत आरपीएफ पोस्ट पहुँचे। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान उनका बैग गलती से स्टेशन पर ही छूट गया था। सभी जरूरी दस्तावेजी कार्रवाई और पहचान पुख्ता करने के बाद आरपीएफ ने सारा सामान उन्हें सौंप दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर मुनव्वर ने रेल सुरक्षा बल की ईमानदारी और कार्यशैली के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak