जबलपुर। जबलपुर स्थित विजय नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद घिनौनी और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के शताब्दीपुरम इलाके में एक युवक द्वारा बेजुबान कुत्ते के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना ने न केवल स्थानीय निवासियों को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि पशु प्रेमियों में भी भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, शताब्दीपुरम के एक गार्डन में आरोपी एक फीमेल डॉग को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने लगा। क्षेत्र के डॉग लवर ग्रुप को युवक की गतिविधियों पर पहले से ही संदेह था। ग्रुप के सदस्यों ने घेराबंदी की और आरोपी को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों दबोच लिया।
मौके पर ही सिखाया सबक,वीडियो वायरल
आरोपी के पकड़े जाने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों और डॉग लवर ग्रुप के सदस्यों ने आरोपी को जमकर फटकार लगाई। स्थानीय लोगों का गुस्सा इतना अधिक था कि उन्होंने आरोपी से बीच सड़क पर उठक-बैठक लगवाई और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी अपनी गलती स्वीकार करता नजर आ रहा है। इस शर्मनाक कृत्य की जानकारी मिलते ही पूरे विजय नगर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की विकृत मानसिकता वाले लोग समाज के लिए खतरा हैं। डॉग लवर ग्रुप ने इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि बेजुबान जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर पशु क्रूरता निवारण कानूनों की सख्ती पर बहस छेड़ दी है।
