khabar abhi tak

जबलपुर में गुंडागर्दी: भाजपा नेता से 50 हजार की रंगदारी, मेडिकल स्टोर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी

ये है आशीष काटकर

जबलपुर।
 जबलपुर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे सत्ताधारी दल के पदाधिकारियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला कैंट थाना क्षेत्र के पेंटी नाका इलाके का है, जहां भाजपा बूथ अध्यक्ष और पूर्व जिला मंत्री आशीष काटकर से बदमाशों ने 50 हजार रुपए की मासिक फिरौती की मांग की है। घटना 29 जनवरी की शाम की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है।पीड़ित आशीष काटकर लंबे समय से इलाके में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। शिकायत के अनुसार, क्षेत्र के कुख्यात बदमाश चिंटू रजक और रोशन ठाकुर उनकी दुकान में जबरन दाखिल हुए। बदमाशों ने सरेआम धमकी देते हुए कहा कि यदि उन्हें शांतिपूर्वक दुकान चलानी है, तो हर महीने 50 हजार रुपए देने होंगे। आरोप है कि बदमाश हथियारों से लैस थे और उन्होंने पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। दुकान में मौजूद ग्राहकों के सामने हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना,पुलिस सक्रिय


पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी बेखौफ होकर दुकान के अंदर घुसते और धमकाते नजर आ रहे हैं। आशीष काटकर ने कैंट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस को वीडियो फुटेज भी सौंपे हैं। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से स्थानीय व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भाजपा नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak