जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंग नगर में सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। भोपाल में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर लौटे बुजुर्ग दंपति को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब साढ़े चार तोला वजनी सोने का हार छीन लिया। छीने गए हार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अनिल सोनी (58 वर्ष) और उनकी पत्नी मीना सोनी (55 वर्ष) बस से जबलपुर लौटे थे। जैसे ही वे बजरंग नगर स्थित टीवीएस शोरूम के सामने बस से उतरे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बदमाशों ने पलक झपकते ही मीना सोनी के गले से सोने का हार झपटा और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। हालांकि दंपति ने शोर मचाया और आस-पास के लोग भी जमा हुए, लेकिन तब तक आरोपी ओझल हो चुके थे।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, शहर में नाकाबंदी तेज
घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान की जा सके। आरोपियों की तलाश के लिए शहर के विभिन्न रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लुटेरों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय निवासियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा कर दी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर नकेल कसने की मांग की है।
