यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर ने 15 लोगों को कुचला, 6 की मौत, कई घायल

मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आज 7 फरवरी की शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसा सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कानपुर जा रही एक बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे। बस चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में बस रोकने के बजाय सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया।

हादसे में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), असलम (कन्नौज), संतोष (दिल्ली) समेत छह लोगों की मौत हो गई। दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया। पुलिस कंटेनर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस को असुरक्षित स्थान पर खड़ा किया जाना हादसे का प्रमुख कारण हो सकता है। एक्सप्रेस-वे पर केवल निर्धारित ग्रीन जोन में ही वाहनों को रोकने के निर्देश हैं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post