जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए अपने लगभग 4500 पेंशनर्स को नए साल का तोहफा दिया है। कंपनी की आईटी सेल और पेंशन विभाग ने मिलकर एक ऐसी व्यवस्था तैयार की है, जिससे अब पेंशनर्स अपनी पेंशन स्लिप घर बैठे कंपनी की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
सभी बैंकों के पेंशनर्स को मिलेगा लाभ
अब तक ऑनलाइन पेंशन स्लिप की सुविधा केवल उन पेंशनर्स के लिए उपलब्ध थी, जिनका खाता यूनियन बैंक में था। मुख्य वित्तीय अधिकारी मुकुल मेहरोत्रा ने बताया कि अब भारतीय स्टेट बैंक सहित किसी भी अन्य बैंक से पेंशन प्राप्त करने वाले पूर्व कर्मचारी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इस व्यवस्था को सफल बनाने में सिस्टम एनालिस्ट शाबू मैथ्यू कुरुबिल्ला और लेखाधिकारी मल्हार बेहरा की मुख्य भूमिका रही है।
वेबसाइट पर 'पेंशन स्लिप' का नया विकल्प
पेंशनर्स को स्लिप प्राप्त करने के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के पेंशन पोर्टल पर जाना होगा। वहां “पेंशन स्लिप प्राप्त करें” विकल्प पर क्लिक करके अपना पीपीओ नंबर, बैंक खाता संख्या और संबंधित माह की जानकारी दर्ज करनी होगी। वर्तमान में दिसंबर 2025 की स्लिप उपलब्ध करा दी गई है और जल्द ही वर्ष 2025 से पहले का रिकॉर्ड भी ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
