गोरखपुर व्यापारी संघ का शक्ति प्रदर्शन: वार्षिक सम्मेलन में गूंजा एकजुटता का मंत्र


जबलपुर।
 सदर के जेके सेलिब्रेशन में रविवार को गोरखपुर व्यापारी संघ द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह अत्यंत भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संघ के अध्यक्ष सुधीर सोनकर का सम्मान रहा, जिन्हें हाल ही में महाकौशल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं 'कैट' (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) में कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। व्यापारियों ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।

वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दिया एकजुटता का मंत्र

​समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाकौशल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री रवि गुप्ता, जॉइंट सेक्रेटरी अखिल मिश्रा, कैट के संभागीय अध्यक्ष  दीपक सेठी एवं जबलपुर सेक्रेटरी संजय चड्ढा का संघ द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने व्यापारिक चुनौतियों और नीतिगत मुद्दों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में संगठन की शक्ति ही व्यापारियों के हितों की रक्षा कर सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी बात मजबूती से रखने के लिए व्यापारियों का एकजुट होना अनिवार्य है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश जन जागरण मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मथुरा प्रसाद दुबे का भी विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

सांस्कृतिक उल्लास और संगठन की मजबूती

​सम्मेलन के दौरान न केवल व्यापारिक चर्चाएं हुईं, बल्कि सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए 'डीजे डिनर नाइट' का भी आयोजन किया गया, जिसमें व्यापारियों ने परिवार सहित शिरकत की और आपसी मेल-मिलाप का आनंद लिया। कार्यक्रम की सफलता में उपाध्यक्ष राजेश परसवानी, अमन छाबड़ा, संतोष यादव एवं कोषाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि संघ भविष्य में भी व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण और उनके कल्याण के लिए निरंतर सक्रिय रहेगा। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ इस गरिमामयी समारोह का समापन हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post