khabar abhi tak

रोहित शर्मा-विराट कोहली के डिमोशन की तैयारी कर रहा बीसीसीआई, करोड़ों का होगा नुकसान

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट टियर सिस्टम में अहम बदलाव करने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड मौजूदा ए+ कैटेगरी को समाप्त करने पर विचार कर रहा है. यह कैटेगरी अब तक सभी फॉर्मेट खेलने वाले शीर्ष खिलाडिय़ों के लिए आरक्षित थी. अगर यह प्रस्ताव मान लिया जाता है तो भारतीय क्रिकेट के कॉन्ट्रैक्ट ढांचे में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव माना जाएगा.

नए प्रस्तावित सिस्टम के मुताबिक तीन कैटेगरी ए, बी और सी रखा जाएगा. अजीत अगरकर की अगुवाई में यह प्रस्ताव पुरुष चयन समिति ने दिया है. फिलहाल यह प्रस्ताव बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की मंजूरी का इंतजार कर रहा है. अब तक ए+ कैटेगरी में विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज शामिल रहे हैं, जिन्हें सालाना 7 करोड़ रुपये का रिटेनर मिलता है.

अभी, भारतीय पुरुष क्रिकेटरों के सालाना रिटेनर को अलग-अलग फॉर्मेट में मैच फीस के अलावा ए प्लस, ए, बी और सी ग्रेड में बांटा गया है। ग्रेड ए प्लस के खिलाडिय़ों को 7 करोड़ रुपये का रिटेनर मिलता है, जबकि ग्रेड ए, बी और सी के खिलाडिय़ों को क्रमश: 5 करोड़ रुपये, 3 करोड़ रुपये और 1 करोड़ रुपये दिए जाते हैं। फिलहाल, सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ए प्लस कैटेगरी में शामिल हैं। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि कोहली और रोहित, जो केवल वनडे खेलते हैं, और जडेजा, जो टेस्ट और वनडे खेलते हैं, सालाना रिटेनर के टॉप टियर में बने रहेंगे या नहीं, खासकर अगर सिस्टम में बदलाव होता है।

21 अप्रैल 2025 को घोषित 2024/25 के कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट के अनुसार, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल (जो अब भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान हैं), हार्दिक पांड्या, मोहम्मद शमी और ऋषभ पंत ग्रेड ए में थे। भारत के टी 20 कप्तान सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर को ग्रेड बी में रखा गया था।

रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान, नीतीश कुमार रेड्डी, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा को ग्रेड सी में रखा गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak