khabar abhi tak

जानलेवा 'चीनी मांझा' के खिलाफ अभियान, भारी मात्रा में चरखी जब्त


जबलपुर।
मकर संक्रांति के पर्व को देखते हुए आम जनमानस और मूक पशु-पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जबलपुर प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशन में प्रतिबंधित 'चीनी मांझा' (नायलॉन धागा) के विरुद्ध शहर भर में सघन तलाशी अभियान और कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

टीम ने की छापेमारी और जब्ती बनाई

​नगर निगम की विशेष टीमों ने संभाग क्रमांक 14 (विजय नगर) और संभाग क्रमांक 6 के अंतर्गत आने वाले प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में दबिश दी। इस कार्यवाही के दौरान गोहलपुर, मोती लाल नेहरू वार्ड, चितरंजन दास वार्ड और जाकिर हुसैन वार्ड में सघन जांच की गई। अभियान के दौरान दुकानों से भारी मात्रा में अवैध चीनी मांझा और चरखियां जब्त कर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि इस जानलेवा धागे का भंडारण या विक्रय करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानव जीवन और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है।

प्रशासन ने दी चेतावनी,नागरिकों से अपील

​कार्यवाही के समय अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, श्रीमती अंजू सिंह और बाजार अधीक्षक राजेंद्र दुबे सहित स्वास्थ्य एवं अतिक्रमण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित मांझे का उपयोग करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे पतंगबाजी के लिए केवल सुरक्षित सूती धागे का ही उपयोग करें। प्रशासन ने जनता से आग्रह किया है कि यदि कहीं भी चीनी मांझे का विक्रय हो रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम या जिला प्रशासन को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak