khabar abhi tak

कार का कोहराम, अब तक 5 की मौत, गुस्साए लोगों ने किया चकाजाम, हिरासत में गाड़ी मालिक, चालक की तलाश

 

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित बरेला रोड पर कार चालक द्वारा मचाए गए कोहराम में अब तक पांच लोगों की मौत हो गई है। इस घटना को लेकर आज गुस्साए लोगों ने चकाजाम कर प्रदर्शन शुरु कर दिया। जाम के चलते करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। ग्रामीणजन मुआवजा बढ़ाने और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर लगातार नारेबाजी कर रहे थे।                                                                                                                   
                          हादसे में अब तक चैनवती बाई उम्र 40 वर्ष, लच्छो बाई 40 वर्ष, गोमता बाई पति नवाबी लाल 40 वर्ष, वर्षा कुशराम पति कमलेश 45 वर्ष व कृष्णा बाई पति संजू 40 वर्ष की मौत हो चुकी है। घटना को लेकर आक्रोशित परिजनों, स्थानीय लोगों ने आज घटनास्थल पर धरना देकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। जिससे इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए। दोनों ओर वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही। लोगों को जाम के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। गौरतलब है कि हादसा रविवार को दोपहर के वक्त हुआ है, जब बरेला से जबलपुर की ओर आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे 13 मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार बिना नंबर की थी। आरोपी कार चालक अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। एएसपी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। घटनास्थल से लेकर टोल नाकों तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कार चालक की पहचान मझौली निवासी लखन सोनी के रूप में हुई है। कार दीपक सोनी के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है। पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट भाई लखन सोनी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। चकाजाम प्रदर्शन की जानकारी लगते ही पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने आक्रोशित लोगों को जानकारी दी कि कार मालिक को हिरासत में ले लिया गया है। कार चालक को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak