khabar abhi tak

नहीं थम रही कीमती धातुओं में रफ्तार: चांदी ने तोड़े सारे पुराने रिकॉर्ड, कीमत 4 लाख के पार

नई दिल्ली. अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपको चौंका सकती है। सोने और चांदी की कीमतें लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं। भारत से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक कीमती धातुओं में ऐसी तेज़ी देखने को मिल रही है, जैसी पहले कभी नहीं देखी गई।

घरेलू बाजार में सोने की कीमत करीब 1.71 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई है, जबकि चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर के आसपास कारोबार कर रही है। बाजार जानकारों का मानना है कि अगर मौजूदा रुझान जारी रहा, तो आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा हो सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को सोने की कीमत 5,591.61 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। स्पॉट गोल्ड 2.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,511.79 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। इस सप्ताह अब तक सोना 10 प्रतिशत से अधिक चढ़ चुका है और सोमवार को पहली बार 5,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गया था।

चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल देखा गया। स्पॉट सिल्वर 118.061 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा, जबकि सत्र के दौरान इसने 119.34 डॉलर प्रति औंस का नया ऑल-टाइम हाई छुआ। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (रूष्टङ्ग) पर बुधवार को सोना 1,66,355 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, चांदी 3,86,530 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।

दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी चांदी की कीमतों में तेज़ उछाल दर्ज किया गया। बुधवार को चांदी 15,000 रुपये महंगी होकर 3.85 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। यह लगातार तीसरा दिन था जब चांदी में बड़ी तेजी देखने को मिली। इससे पहले 26 जनवरी को चांदी के भाव में 40,500 रुपये की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। सोने की कीमतें भी पीछे नहीं रहीं। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बुधवार को 5,000 रुपये की तेजी के साथ 1,71,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak