भाजपा नेता पर रेप के आरोप लगाने वाली पीडि़ता पलटी, बोली सिर्फ छेड़छाड़, अश्लील बातें की थी,

 

सतना। एमपी के सतना स्थित रामपुर बाघेलान में भाजपा नेता अशोक सिंह पर रेप के आरोप लगाने वाली पीडि़ता अब पलट गई है। पीडि़ता ने देर रात थाना पहुंचकर कहा कि उसके साथ रेप नहीं, बल्कि सिर्फ अश्लील बातें व छेड़छाड़ की गई थी। जबकि 22 दिसंबर को एसपी के सामने चाकू की नोक पर रेप व वीडियो बनाने का आरोप लगाया गया था। 

                                   इस संबंध में रामपुर बाघेलान थाना में पदस्थ एसआई प्रीति कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पीडि़ता ने अपने बयान बदल दिए। उसने पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया कि आरोपी अशोक सिंह ने उसके साथ छेड़छाड़ व अश्लील इशारे किए थे। उसने यह भी स्वीकार किया कि 22 दिसंबर को उसने जो रेप और चाकू की नोक पर धमकाने की शिकायत की थी, वह गुस्से और डर के कारण लिखवाई थी। पीडि़ता के बदले हुए बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। आरोपी अशोक सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की गरिमा भंग करना), 75(2) (यौन उत्पीडऩ) 79 (शब्द या इशारे से अपमान) 296(1) अश्लील कृत्य और 351(3) धमकी देना के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पीडि़ता की सुरक्षा भी सुनिश्चित की है।

पहले एसपी से की थी रेप की शिकायत-

22 दिसंबर को पीडि़ता ने एसपी हंसराज सिंह से शिकायत की थी कि करही निवासी भाजपा नेता अशोक सिंह (जिसकी पत्नी पार्षद है) ने 6 महीने पहले घर में घुसकर चाकू की नोक पर रेप किया और वीडियो बना लिया। वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। शुक्रवार को आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वह पुलिस को चुनौती देते हुए कह रहा था। शिकायत कर ले, मेरा कुछ नहीं बिगडऩे वाला।  इस वीडियो के सामने आने और मीडिया में खबर उछलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन  देर रात तक कहानी पूरी तरह पलट गई। इस नए बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उस पर 1996 से लेकर अब तक 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post