जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मुख्यालय जबलपुर में आयोजित अंतर-विभागीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता "ट्रांसको प्रीमियर क्रिकेट लीग 2025-26" रोमांचक दौर में पहुँच गई है। प्रतियोगिता के छठे दिन खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहाँ तरुण विजयकर और यश के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत वॉरियर्स और स्ट्राइकर्स ने अपने-अपने मैचों में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
यश के दोहरे प्रदर्शन से स्ट्राइकर्स की रोमांचक जीत
दिन का पहला मुकाबला पुरुष वर्ग में स्ट्राइकर्स और सुपर किंग्स के बीच खेला गया, जो अंत तक बेहद रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्ट्राइकर्स ने निर्धारित 12 ओवरों में 7 विकेट खोकर 105 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अमनदीप ने धैर्यपूर्ण 33 रन और यश ने आक्रामक 18 रनों का योगदान दिया। सुपर किंग्स की ओर से मयंक पंजवानी ने 3 विकेट और प्रवीण ने 2 विकेट झटके।लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर किंग्स की शुरुआत शानदार रही। मयंक पंजवानी ने 45 रनों की तूफानी पारी खेली और वीरेंद्र सेन ने 24 रनों का ठोस योगदान दिया, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था। यश ने गेंदबाजी में भी अपना कौशल दिखाते हुए 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जिसके कारण सुपर किंग्स की टीम 12 ओवर में 6 विकेट पर 98 रन ही बना सकी। स्ट्राइकर्स ने यह मैच 7 रनों से जीत लिया। यश को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
तरुण विजयकर के जलवे से वॉरियर्स की आसान जीत
दूसरे मुकाबले में वॉरियर्स का सामना रेंजर्स से हुआ। रेंजर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए वॉरियर्स की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 78 रनों पर सिमट गई। राहुल ने 18 और तपन ने 12 रन बनाए। वॉरियर्स की ओर से तरुण विजयकर और प्रतीक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए। 79 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉरियर्स की टीम ने कप्तान इकबाल खान के बेहतरीन 35 रन और तरुण विजयकर के आकर्षक 27 रनों की बदौलत 10वें ओवर में ही जीत हासिल कर ली। रेंजर्स की ओर से राहुल ने 2 विकेट लिए। खेल के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तरुण विजयकर को 'मैन ऑफ द मैच' के खिताब से नवाजा गया।

