khabar abhi tak

एमपी ट्रांसको में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह, 151 मिलियन यूनिट बिजली की बचत


जबलपुर
। बढ़ती ऊर्जा मांग और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय दायित्व है। ऊर्जा की प्रत्येक बचाई गई इकाई भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित संसाधन है। यह संदेश मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने ऊर्जा संरक्षण सप्ताह–2025 के अवसर पर दिया। ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत प्रदेशभर में एमपी ट्रांसको के सभी कार्यालयों, ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस मुख्यालयों और एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों में प्रबंध संचालक के संदेश का वाचन किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ऊर्जा संरक्षण को अपनी कार्यशैली और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। मुख्य कार्यक्रम में प्रबंध संचालक के नेतृत्व में एमपी ट्रांसको प्रबंधन ने सामूहिक रूप से ऊर्जा संरक्षण की शपथ भी ली।

पारेषण हानि घटाकर 151.56 मिलियन यूनिट ऊर्जा की बचत

एमडी श्री तिवारी ने बताया कि वर्ष 2024–25 में एमपी ट्रांसको ने विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित 2.75 प्रतिशत के लक्ष्य के मुकाबले 2.60 प्रतिशत पारेषण हानि प्राप्त की है। इसके परिणामस्वरूप 151.56 मिलियन यूनिट ऊर्जा की बचत हुई, जो कंपनी की ऊर्जा दक्षता और सतत सुधार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण सप्ताह को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर इसे निरंतर अपनाया जाने वाला सामूहिक संकल्प बनाया जाना चाहिए, ताकि स्वच्छ, हरित और ऊर्जा–दक्ष मध्यप्रदेश के लक्ष्य को साकार किया जा सके। एमपी ट्रांसको द्वारा सबस्टेशनों पर रूफटॉप सोलर पैनल, एलईडी प्रकाश व्यवस्था और उच्च दक्षता वाले उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों और आम नागरिकों से घरों व कार्यस्थलों पर ऊर्जा संरक्षण के सरल उपाय अपनाने का आह्वान किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak