बीजेपी लिस्ट लीक कांडः जिनके नाम नहीं, वे विरोध पर आमादा

 


बीजेपीः कार्यकारिणी की लिस्ट बाहर आने के घमासान की स्थिति, संगठन ने ज्यादातर विधायकों को किया नजरअंदाज

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी की नगर कार्यकारिणी की सूची के लीक हो जाने के बाद हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश संगठन ने पहले लिस्ट को इसलिए रोक दिया था ,क्योंकि जबलपुर आरएसएस में बैठक चल रही थी, लेकिन अब ये सूची इसलिए रोकी जा रही है,क्योंकि विरोध होने की प्रबल संभावनाएं हैं। दरअसल, लीक होने वाली लिस्ट में जिनके नाम नहीं हैं, वे तमतमा रहे हैं, क्योंकि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि कार्यकारिणी में उनकी जगह पुख्ता होगी। 

-लीक हुई लिस्ट में किस-किसके नाम

लीक हुई लिस्ट के अनुसार,बीजेपी की नई कार्यकारिणी में संदीप जैन,सोनू बचवानी, पंकज दुबे को महामंत्री बनाया गया है,जबकि रजनीश यादव,शंकर बिलौंहा, प्रणीत वर्मा, सुंदर अग्रवाल,पंकज मिश्रा, संकल्प पाठक, विभा उपाध्याय,अंजू भार्गव,कौशल सूरी,रंजीत पटैल एवं रोहित जैन को उपाध्यक्ष पद से नवाजा गया है। प्रशांत केशरवानी कोषाध्यक्ष रहेंगे एवं शंकर पाठक सह-कोषाध्यक्ष।  

-किसकी चली, किसकी नहीं

ना केवल भाजपा संगठन में,बल्कि शहर के प्रबुद्ध वर्ग में भी यही चर्चा है कि लीक हुई लिस्ट के अनुसार संगठन में जबलपुर के किस भाजपा नेता की अच्छी पैठ है और किसकी हैसियत ज्यादा नहीं है। जबलपुर के एक विधायक को ज्यादा झटका लगा है,क्योंकि इनके खास आदमी को हटाकर दूसरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक के आदमी को संगठन में बड़ा पद दे दिया गया है। इस बात पर विधायक नाराज तो हैं और संगठन तक अपनी बात भी पहुंचा चुके हैं,लेकिन कोई सकारात्मक परिवर्तन लिस्ट में होगा, ऐसा दिखाई नहीं दे रहा है। जानकारी के अनुसार, सामने आई लिस्ट में भाजपा के ज्यादातर विधायकों को नजरअंदाज कर दिया गया है। 

-कभी भी आ सकती है सूची

इधर, पार्टी के नेताओं ने कहा है कि भाजपा की नगर कार्यकारिणी की लिस्ट कभी भी आ सकती है और संभावित विरोध को नियंत्रित करने की रणनीति भी तैयार कर ली गयी है। नेताओं का  कहना है कि ये पहली दफा नहीं है,जब विरोध होगा,लेकिन पार्टी में अनुशासन कायम है। 










Post a Comment

Previous Post Next Post