पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ के कबीरधाम स्थितं चिल्पी में रहने वाले 65 वर्षीय गुणीराम यादव 23 नवंबर को मवेशी ढूंढऩे के लिए घर से निकले इसके बाद नहीं आए। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन गुणीराम का कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने चिल्पी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा वृद्ध गुणीराम यादव की तलाश में जुटी रही। इस बीच कान्हा के सुपखार रेंज के जंगल में गुणीराम यादव का क्षत-विक्षत हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव का कमर के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह से गायब था। गुणीराम की लाश मिलने की खबर पाते ही परिजन भी पहुंच गए, जिन्होने देखा तो स्तब्ध रह गए। पुलिस का कहना है कि जिस तरह से लाश मिली है उससे ऐसा प्रतीत होता है कि किसी हिंसक वन्य प्राणी या फिर बाघ ने शिकार किया है। मृतक की पहचान कपड़ों से हुई है।