पुलिस अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रतनारी गांव निवासी जीवन लोधी अपनी मक्का की फसल बेचकर ट्रैक्टर ट्राली लेकर घर के लिए रवाना हो गया। आज तड़के जब वह गांव के अंदर प्रवेश कर रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे किसान जीवन लोधी गिरकर ट्रैक्टर में दब गया, उसी वक्त ट्रैक्टर में आग लग गई। ट्रैक्टर-ट्राली में आग लगते देख आसपास के लोगों में चीख पुकार मच गई। लोगों ने किसी तरह पानी डाल-डालकर आग पर काबू पा लिया। लेकिन उस वक्त तक किसान की जलने से मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मामले को लेकर मृतक की पत्नी कल्पना लोधी ने कहा कि गांव के कुछ लोग उनके पति को परेशान कर रहे थे। पति ने उनसे 20 हजार रुपए उधार लिए थे, जो लौटाए जा चुके थे। इसके बाद भी वे ब्याज पर ब्याज की मांग कर रहे थे और जान से मारने की धमकी देते थे। कल्पना लोधी ने संदेह जताया कि घटना साजिश हो सकती है और कहा कि उन्होंने मारपीट कर ट्रैक्टर में आग लगाई होगी।
Tags
sagar