दद्दा धाम महोत्सव में हादसा, मेले में लगे झूले में फंसे युवती के बाल, सिर में आई गंभीर चोटें, जबलपुर रेफर
byKhabarAbhiTak-
0
कटनी। एमपी के कटनी स्थित झिझरी में आयोजित दद्दा धाम में पंडित देवप्रभाकर शास्त्री के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हादसा हो गया। यहां पर मेला में लगे झूले में एक युवती के बाल फंस जाने से सिर में गंभीर चोटें आई। घटना के बाद मेला में अफरातफरी व चीख पुकार मच गई। घायल युवती साक्षी गोस्वामी को उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर युवती की हालत को देखते हुए जबलपुर रेफर किया गया है।
खबर है कि जागृति कॉलोनी निवासी साक्षी गोस्वामी देर शाम मेले में लगे झूले पर थी। झूला चलते समय अचानक उनके बाल फंस गए,जिससे वे लडख़ड़ाकर गिर गई। हादसे में साक्षी के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद तत्काल झूला को रोककर युवती को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने देखा तो प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद यहां पर अफरातफरी मची रही। गौरतलब है कि दद्दा धाम के इस धार्मिक महोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंच रहे हैं। ऐसे में मेले में लगे झूलों और अन्य मनोरंजन साधनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।