khabar abhi tak

बिचौलियों पर नकेल: धान के अवैध स्टॉक की जानकारी पर 21 हजार रुपये तक इनाम

 


नागरिकों की भागीदारी बढ़ी: अवैध धान भंडारण बताने वालों का नाम रहेगा गुप्त

जबलपुर । समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर अवैध धान भंडारण की सूचना देने वाले नागरिकों को अब 21 हजार रुपये तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य बिचौलियों और व्यापारियों की उन गतिविधियों पर रोक लगाना है, जिनके द्वारा वे किसानों से कम मूल्य पर धान खरीदकर या अन्य जिलों से धान लाकर किसानों के नाम पर फर्जी उपार्जन कराने का प्रयास करते हैं। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की गतिविधियाँ शासन को आर्थिक हानि पहुँचाने के साथ-साथ वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य के लाभ से वंचित करती हैं। इसलिए नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही इस पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। प्रशासन ने सूचना देने के लिए कलेक्टर का सीयूजी नंबर 6269113327 तथा संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन का सीयूजी नंबर 6269113387 जारी किया है। नागरिक इन नंबरों पर व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो या वीडियो भी भेज सकेंगे। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्राप्त सूचनाओं पर कार्रवाई के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, कृषि उपज मंडी और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही करेंगे। गौरतलब है कि जिले में 1 दिसंबर से 20 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी।

किसे कितना पुरस्कार

100–200 क्विंटल की सूचना पर 5,000 रुपये,

200–500 क्विंटल पर 11,000 रुपये,

और 500 क्विंटल से अधिक की जानकारी पर 21,000 रुपये का इनाम प्रदान किया जाएगा।

सूचना हेतु नंबर: 6269113327, 6269113387

व्हाट्सएप पर फोटो/वीडियो भेज सकते हैं

सूचनादाता का नाम रखा जाएगा गोपनीय

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak