रास्ता रोककर युवक की लाठी से पीट-पीट कर हत्या, 65 हजार रुपए नगद व मोबाइल फोन लूट कर भागे बदमाश

 

सतना। एमपी के सतना स्थित सिधौली रामपुर बघेलान में देर रात सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। यहां पर मोटर साइकल सवार ब्रजेश सिंह पर बदमाशों ने उस वक्त हमला कर दिया। जब वह अपने दोस्त कृष्ण कुमार के साथ गांव जा रहा था। बदमाशों ने ब्रजेश सिंह पर लाठी से हमला कर 65 हजार रुपए नगद व मोबाइल फोन लूट लिया। घायल ब्रजेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर ब्रजेश की तड़के उपचार के दौरान मौत हो गई। हमले में ब्रजेश के दोस्त कृष्ण कुमार को भी चोटें आई है। 

                            पुलिस को पूछताछ के दौरान घायल कृष्ण कुमार ने बताया कि वे मटेहना से ब्रजेश सिंह के साथ मोटरसाइकल से गांव जाने निकले। जब वे सिधौली से आगे बढ़ रहे थे इस दौरान करीब दर्जन भर बदमाशों ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमला होते ही दोनों युवक मोटर साइकल सहित नीचे गिर गए। इसके बाद बदमाशों ने हमला कर दिया, हमला होते ही कृष्ण कुमार को किसी तरह बचकर भागा लेकिन ब्रजेश सिंह को बदमाशों ने घेरकर लाठियों से दनादन वार किए। जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई। कृष्ण कुमार की सूचना पर परिजनों सहित अन्य परिचित पहुंच गए, जिन्होने घायल ब्रजेश को उपचार के लिए सतना अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। जहां पर आज तड़के ब्रजेश सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिनके सामने बृजेश की बहन प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके भाई से 65 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन भी लूट लिया। परिजनों ने इस हत्या के पीछे पुराने जमीनी विवाद को मुख्य वजह बताया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट के आरोप में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post