khabar abhi tak

महाराष्ट्र : ठाणे में भीषण सड़क हादसा, कार ने मारी दोपहिया वाहनों में टक्कर, 4 की मौत, 3 गंभीर घायल

ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शुक्रवार देर रात को हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ठाणे जिले के अंबरनाथ कस्बे में एक फ्लाईओवर पर एक कार के कुछ दोपहिया वाहनों से टकराने और पलट जाने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में तीन अन्य घायल भी हुए हैं।

उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना रात को उस फ्लाईओवर पर हुई जो शहर के पूर्वी हिस्से को पश्चिमी हिस्सों से जोड़ता है। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि टकराने वाले दोपहिया वाहनों में से एक पर सवार शख्स हवा में उछलकर फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर गिर गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, कार चालक ने कथित तौर पर नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलटने से पहले चार-पांच दोपहिया वाहनों से टकरा गया। अंबरनाथ के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शैलेश काले ने कहा, दुर्घटना में कार चालक सहित चार लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि टक्कर की वजह से दोपहिया वाहन पूरी तरह से चकनाचूर हो गए। मृतकों की पहचान की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं और सभी खतरे से बाहर हैं और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak